


रोहतास के त्रिविर पब्लिक स्कूल में दो दिवसीय कार्यक्रम, क्रोध, तनाव और चिंता से निपटने के बताए जा रहे उपाय
रोहतास। बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और उन्हें तनावमुक्त एवं सकारात्मक जीवनशैली की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से रोहतास जिले के सीबीएसई से मान्यता प्राप्त त्रिविर पब्लिक स्कूल में दो दिवसीय मानसिक स्वास्थ्य प्रबंधन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन भारतीय योग प्रबंधन संस्थान, हरियाणा के वरिष्ठ विशेषज्ञ एवं बिहार के संयोजक तथा टेक्नो मिशन इंटरनेशनल स्कूल, भागलपुर के निदेशक आचार्य अंशु एवं सहयोगी आचार्य डॉ. प्रभात के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

कार्यक्रम में 138 बच्चे भाग ले रहे हैं। बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से तैयार किए गए प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें क्रोध, तनाव और चिंता के कारणों को समझने तथा उनसे प्रभावी ढंग से निपटने के उपाय बताए जा रहे हैं।
प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को सफलता के सूत्र, मधुर संबंध बनाए रखने तथा जीवन में सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए उपयोगी मंत्र दिए जा रहे हैं। बच्चों को प्रतिकूल परिस्थितियों को स्वीकार करते हुए कठिन समय में भी सहज और संतुलित रहकर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए तैयार किया जा रहा है।

कार्यक्रम में ध्यान के महत्व पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। बच्चों को ध्यान के अभ्यास के माध्यम से मन की गहराई में उतरने तथा सहज, शांत एवं सरल रहने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही उन्हें गंभीरता और तनाव के बजाय प्रसन्नचित्त रहने, मुस्कुराने तथा जीवन में प्रेम, सम्मान और क्षमा की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में समर्थगुरु सिद्धार्थ औलिया जी का सानिध्य एवं मार्गदर्शन भी प्राप्त हो रहा है। आयोजकों के अनुसार, बच्चों के साथ-साथ विद्यालय प्रबंधन एवं अभिभावक भी इस पहल को लेकर उत्साहित हैं।
आचार्य अंशु ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। शिक्षा के साथ मानसिक संतुलन, सकारात्मक सोच और भावनात्मक मजबूती भी बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन विद्यालयों के साथ-साथ महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में भी किया जाना चाहिए, ताकि विद्यार्थी तनाव और मानसिक दबाव से बेहतर तरीके से निपट सकें तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की ओर आगे बढ़ सकें।
















