


सभी छह सेमेस्टर में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद मिली उपलब्धि, संस्थान परिवार ने दी बधाई
पूर्णिया। विद्या विहार इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (वीवीआईटी) के स्कूल ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के बीबीए छात्र सोनू कुमार ने आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय का स्वर्ण पदक हासिल कर संस्थान और अपने परिवार का नाम गौरवान्वित किया है। सोनू कुमार वर्ष 2023-26 सत्र के छात्र हैं और उन्होंने सभी छह सेमेस्टर में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।

सोनू कुमार की इस उपलब्धि पर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज, वीवीआईटी के प्रतिनिधिमंडल ने उनके आवास पर पहुंचकर सोनू कुमार और उनके माता-पिता से मुलाकात की तथा उन्हें बधाई दी।
इस अवसर पर वीवीआईटी के अध्यक्ष राजेश चंद्र मिश्रा ने सोनू कुमार को बधाई देते हुए कहा कि क्षेत्र के युवा प्रतिभाशाली हैं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि संस्थान का निरंतर प्रयास ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
अपनी सफलता पर सोनू कुमार ने इसका श्रेय वीवीआईटी के अध्यक्ष राजेश चंद्र मिश्रा की छात्र विकास केंद्रित सोच, संस्थान की आधुनिक सुविधाओं और बेहतर शैक्षणिक वातावरण को दिया। उन्होंने शिक्षकों के मार्गदर्शन के लिए आभार जताया। साथ ही स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के उप प्राचार्य सौरभ कुमार के समय-समय पर मिले मार्गदर्शन के लिए विशेष धन्यवाद दिया।

वीवीआईटी के सचिव ब्रजेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि संस्थान का प्रयास गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम हो। उन्होंने सोनू कुमार की उपलब्धि को संस्थान की छात्र-केंद्रित शैक्षणिक व्यवस्था का सुखद परिणाम बताया।
वीवीआईटी के प्राचार्य डॉ. सुजीत कुमार ने सोनू कुमार को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है। मेहनत, लगन और अनुशासन के माध्यम से विद्यार्थी अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं।
स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के उप प्राचार्य सौरभ कुमार ने कहा कि संस्थान शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण को प्राथमिकता देता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियां इसी प्रयास का परिणाम हैं।
इस अवसर पर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पूरे वीवीआईटी परिवार ने सोनू कुमार की स्वर्णिम उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सोनू कुमार की सफलता से संस्थान परिसर में खुशी का माहौल है।
















