


पूर्णिया। नगर विकास एवं आवास विभाग के निर्देश पर पूर्णिया नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार को शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान की शुरुआत अंबेडकर सेवा सदन में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद अंबेडकर सेवा सदन टैक्सी स्टैंड से आरएन साह चौक तक विशेष सफाई की गई।

अभियान में महापौर विभा कुमारी ने सफाईकर्मियों और नगर निगम की टीम के साथ हिस्सा लिया तथा सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। आरएन साह चौक पर पौधरोपण कर शहर को स्वच्छ और हरा-भरा रखने का संदेश दिया गया। इस दौरान जिलाधिकारी अंशुल कुमार और महापौर ने सफाईकर्मियों के बीच आवश्यक स्वच्छता किट का वितरण भी किया।
महापौर विभा कुमारी ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष सफाई, जनजागरूकता और पौधरोपण सहित कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने लोगों से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करने की अपील की।

जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने सफाईकर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें बेहतर संसाधन और कार्य वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
अभियान के दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ एवं सुंदर पूर्णिया बनाने का संकल्प दिलाया। नगर निगम के अनुसार 17 अक्टूबर तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष सफाई, जनजागरूकता अभियान और पौधरोपण समेत अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
















