5
(2)

विधायक ने ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता के साथ की योजनाओं की समीक्षा, लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का दिया निर्देश

पूर्णिया । पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण सड़कों के निर्माण और रखरखाव कार्यों में तेजी लाने को लेकर विधायक विजय खेमका ने बुधवार को ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता के साथ विभागीय योजनाओं की समीक्षा की। विधायक जनसंपर्क कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने स्वीकृत योजनाओं को समय पर पूरा करने और लंबित कार्यों को शीघ्र आगे बढ़ाने का निर्देश दिया।

समीक्षा के दौरान कार्यपालक अभियंता ने बताया कि पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र की वित्तीय वर्ष 2025-26 की 40 सड़कों के सात वर्षों तक रखरखाव के लिए संवेदकों के साथ समझौता हो चुका है। इन सड़कों पर रखरखाव का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। अधिकारी ने यह भी बताया कि पूर्णिया पूर्व प्रखंड की पांच सड़कों को वित्तीय वर्ष 2026-27 में आरआरएसएमपी योजना के तहत स्वीकृति के लिए भेजा गया है।

नौ स्वीकृत सड़कों का निर्माण जल्द शुरू कराने का निर्देश

विधायक विजय खेमका ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत ग्रामीण क्षेत्र की नौ सड़कों का निर्माण शीघ्र शुरू कराने को कहा। इसके साथ ही निर्माणाधीन पांच सड़कों का कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिल सके।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण सड़कों का निर्माण और समय पर रखरखाव आम लोगों की जरूरतों से जुड़ा विषय है। सड़कों की स्थिति बेहतर होने से ग्रामीणों को आने-जाने में सहूलियत मिलेगी।

कारी कोसी घाट पर प्रस्तावित पुल की डीपीआर जल्द भेजने को कहा

समीक्षा बैठक में जियागाछी-रामपुर पंचायत स्थित कारी कोसी घाट पर प्रस्तावित चार स्पैन वाले पुल के निर्माण का मुद्दा भी उठा। विधायक ने पुल के संशोधित विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) को शीघ्र विभाग को भेजने का निर्देश दिया, ताकि निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सके।

इसके अलावा उन्होंने फोरेन रोड सहित उन अन्य कच्ची सड़कों के निर्माण प्रस्तावों को भी आगे बढ़ाने को कहा, जिनका विभागीय सर्वे पूरा हो चुका है और जिनकी पहचान संख्या जारी की जा चुकी है। इन सड़कों के प्रस्तावों को आगे की स्वीकृति के लिए पटना स्थित विभाग को भेजने का निर्देश दिया गया।

कच्ची सड़कों को पक्का बनाने और रखरखाव पर जोर

विधायक विजय खेमका ने कहा कि पूर्णिया पूर्व प्रखंड की शेष कच्ची सड़कों को पक्का बनाने और पहले से निर्मित सड़कों के नियमित रखरखाव के लिए विभागीय स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से स्वीकृत योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और आम लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने को कहा।

बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। विधायक ने लंबित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने और सड़क निर्माण एवं रखरखाव से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: