
भागलपुर। शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी पर भागलपुर में भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही शहर के विभिन्न दुर्गा मंदिरों और पूजा पंडालों में मां दुर्गा के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान महिला श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

महिलाएं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मां दुर्गा के दरबार में पहुंचीं और माता रानी को खोइछा चढ़ाकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलकामना के लिए प्रार्थना की। मंदिरों में सुबह से ही पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी रहा। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के दर्शन कर परिवार और समाज की सुख-शांति की कामना की।
महाअष्टमी के अवसर पर पूरा शहर भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। मंदिरों और पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही से उत्सवी रौनक बनी रही। मां दुर्गा के जयकारों और पूजा-पाठ के बीच भक्तों ने श्रद्धा एवं भक्ति के साथ माता रानी की आराधना की।
















