
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। कहलगांव अनुमंडल के किशनदासपुर अंतर्गत बरोहिया गांव में दुर्गा पूजा के शुभ अवसर पर तीन दिवसीय कुश्ती (दंगल) प्रतियोगिता का शानदार आगाज हुआ। प्रतियोगिता में आसपास के विभिन्न गांवों से आए पहलवानों ने अपनी कुश्ती कला और दमखम का प्रदर्शन किया। दंगल को देखने के लिए स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

प्रतियोगिता में रानीदियरा, डीहाड़ी, बाकिया दियारा, किशनदासपुर, बड़ी नाकि और अठनिया सहित आसपास के गांवों के कुल 15 जोड़ी पहलवानों ने अखाड़े में उतरकर जोर आजमाइश की। पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता के दौरान दर्शकों ने तालियों और उत्साहवर्धन के साथ पहलवानों का हौसला बढ़ाया।
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 21 अक्टूबर को खेला जाएगा। फाइनल को लेकर पहलवानों के साथ-साथ कुश्ती प्रेमियों में भी उत्सुकता बनी हुई है।
दंगल प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका मुक्ति पंडित और महेंद्र मंडल ने निभाई। वहीं, स्कोरर के रूप में अंबुज, नंदलाल सिंह, अनुपलाल मंडल और अवधेश ने अपनी जिम्मेदारी संभाली। प्रतियोगिता का संचालन उद्घोषक अनिल और छोटेलाल ने किया।

दुर्गा पूजा के अवसर पर आयोजित इस पारंपरिक दंगल प्रतियोगिता से क्षेत्र में उत्सवी माहौल बना हुआ है। प्रतियोगिता ग्रामीण खेल संस्कृति और कुश्ती की परंपरा को बढ़ावा देने के साथ ही स्थानीय पहलवानों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी प्रदान कर रही है।















