
मां दुर्गा को चुनरी चढ़ाकर लिया आशीर्वाद, पारंपरिक तरीके से शंख बजाकर भक्तिमय माहौल में लगाया चार चांद; देशवासियों को दी दुर्गा पूजा और विजयादशमी की शुभकामनाएं
पूर्णिया। दुर्गा पूजा के अवसर पर पूरे शहर में भक्ति और उल्लास का माहौल बना हुआ है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी की जिला मंत्री नूतन गुप्ता ने पूर्णिया शहर के विभिन्न मंदिरों और पूजा पंडालों का दौरा कर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। उन्होंने माता के दरबार में शीश झुकाकर आशीर्वाद प्राप्त किया और पूरे पूर्णिया सहित बिहार तथा देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

पूजा पंडालों में दर्शन के दौरान नूतन गुप्ता ने पूरी श्रद्धा के साथ मां दुर्गा को चुनरी अर्पित की और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने माता के चरणों में प्रार्थना करते हुए समाज के कल्याण, देश की उन्नति और प्रत्येक परिवार की खुशहाली की कामना की।
शंख ध्वनि से गूंज उठा पूजा पंडाल
पूजा के दौरान उस समय विशेष भक्तिमय दृश्य देखने को मिला, जब भाजपा जिला मंत्री नूतन गुप्ता ने पारंपरिक तरीके से स्वयं शंख बजाया। शंख की गूंज से पूरा पूजा पंडाल भक्तिमय वातावरण में डूब गया। मां दुर्गा के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। उनकी इस धार्मिक सहभागिता ने वहां उपस्थित श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं में उत्साह का माहौल रहा।

मां दुर्गा शक्ति, ऊर्जा और न्याय की प्रतीक : नूतन गुप्ता
इस अवसर पर नूतन गुप्ता ने कहा कि मां दुर्गा शक्ति, ऊर्जा और न्याय की प्रतीक हैं। उनकी आराधना से हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, सत्य के मार्ग पर चलने और समाज में सकारात्मकता बनाए रखने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की कृपा से बिहार और देश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ें तथा प्रत्येक घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली का वास हो।
उन्होंने समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सद्भाव बनाए रखने की कामना करते हुए कहा कि त्योहार हमारी सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता को मजबूत बनाते हैं। अंत में उन्होंने सभी देशवासियों को दुर्गा पूजा और विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।















