
6,260 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और ताश की तीन गड्डियां बरामद; मिराचक गोपालपुर और नवटोलिया में छापेमारी
भागलपुर। अवैध रूप से जुआ खेलने और खिलाने वालों के खिलाफ भागलपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना क्षेत्र के मिराचक गोपालपुर और नवटोलिया में छापेमारी कर पुलिस ने जुआ खेलने और इसका आयोजन करने के आरोप में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान मौके से 6,260 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और ताश की तीन गड्डियां बरामद की गईं।
गुप्त सूचना पर गठित की गई विशेष टीम

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19 अक्टूबर को औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के मिराचक गोपालपुर और नवटोलिया में बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना में जुआ खेलने के साथ-साथ इसका आयोजन किए जाने की भी बात सामने आई थी।
सूचना की पुष्टि करने और आवश्यक कार्रवाई के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में नगर पुलिस अधीक्षक, नगर-01 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और औद्योगिक प्रक्षेत्र थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया।
छापेमारी में 10 लोग गिरफ्तार
गठित पुलिस टीम ने संबंधित स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान कथित रूप से जुआ खेल रहे और इसके आयोजन में शामिल 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से जुए में इस्तेमाल की जा रही नकदी, पांच मोबाइल फोन और ताश की तीन गड्डियां जब्त कीं।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध जुआ गतिविधियों में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मच गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
नगर पुलिस उपाधीक्षक ने दी जानकारी
पूरे मामले को लेकर भागलपुर के नगर पुलिस उपाधीक्षक प्रथम हेमंत सिंह ने कार्रवाई की जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।















