
सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा कर मंत्री ने दी पिता के निधन की जानकारी, राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लोगों ने जताया दुख
भागलपुर । बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री एवं बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक इंजीनियर कुमार शैलेंद्र के पिता डॉ. कुमार नित्यानंद सिंह का सोमवार सुबह निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिवार में शोक छा गया। वहीं, नवगछिया, बिहपुर और आसपास के क्षेत्रों में भी शोक की लहर दौड़ गई।

मंत्री कुमार शैलेंद्र ने अपने आधिकारिक फेसबुक पृष्ठ के माध्यम से पिता के निधन की जानकारी साझा की। उन्होंने भावुक संदेश में लिखा, “पापा जी नहीं रहे।” पिता के निधन से गहरे दुख में डूबे मंत्री ने उनके स्नेह, संस्कार और जीवन में दिए गए मार्गदर्शन को याद किया।
भावुक संदेश में छलका पिता को खोने का दर्द
मंत्री ने अपने संदेश में पिता के जाने से पैदा हुए खालीपन और पीड़ा को शब्दों में व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि काश, उन्हें कुछ पल और पिता के पास बैठने, उनका हाथ थामने और उनके सान्निध्य में समय बिताने का अवसर मिल पाता।
उन्होंने कहा कि पिता से मिली सीख, उच्च संस्कार और उनका आशीर्वाद आगे के जीवन में उनका संबल बने रहेंगे। मंत्री ने अपने पिता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी स्मृतियों को हमेशा अपने विचारों और हृदय में जीवित रखने की बात कही। संदेश के अंत में उन्होंने ‘ॐ शांति’ लिखकर दिवंगत पिता के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त की।

राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक
डॉ. कुमार नित्यानंद सिंह के निधन की सूचना मिलने के बाद राजनीतिक कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों, क्षेत्रवासियों और शुभचिंतकों ने शोक व्यक्त किया। लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
मंत्री कुमार शैलेंद्र के पिता के निधन से उनके परिवार और समर्थकों में गहरा दुख है। लोगों ने इस दुख की घड़ी में परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।















