5
(1)

दुर्गा पूजा मनाने पैतृक गांव गया था परिवार, सीसीटीवी कैमरे तोड़ डीवीआर उखाड़ ले गए चोर; डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच, तीन संदिग्ध हिरासत में

भागलपुर। औद्योगिक जीरोमाइल थाना क्षेत्र के मीराचक स्थित मां तारा कॉलोनी में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। घटना के समय घर में रहने वाला परिवार दुर्गा पूजा मनाने अपने पैतृक गांव बिहपुर के भ्रमरपुर गया हुआ था। घर लौटने से पहले ही चोरी की जानकारी मिलने पर परिवार में अफरातफरी मच गई। मामले में पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, चोरी की वारदात भारतीय सेना में नायब सूबेदार शंभू कुमार मिश्र के मकान में किराये पर रहने वाली निधि झा के घर हुई। परिवार के गांव जाने के दौरान मोबाइल पर सीसीटीवी कैमरे बंद दिखाई दिए। इसके बाद निधि झा ने पड़ोसियों से घर की स्थिति देखने का अनुरोध किया। जब पड़ोसियों ने जांच की, तो घर के ताले टूटे मिले और चोरी की घटना का खुलासा हुआ।

छत के रास्ते घर में घुसे चोर

बताया जाता है कि चोर मकान के पिछले हिस्से से छत पर चढ़े और सीढ़ी का दरवाजा तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने कमरों में रखी अलमारी, दीवान और बक्सों को खंगाल डाला। चोर घर से सोने का हार सेट, चेन, कंगन, अंगूठियां, मांगटीका, कान की बालियों के पांच सेट, चांदी की कमरधनी, पायल के पांच सेट, बिछिया, चांदी की कलम और करीब 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

चोरी के दौरान चोरों ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और उनका डीवीआर उखाड़कर ले गए। हालांकि, पुलिस को घर के पीछे फेंका हुआ डीवीआर बरामद हुआ है, जिसके आधार पर तकनीकी जांच की जा रही है।

डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच, तीन संदिग्ध हिरासत में

घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से मिलते ही औद्योगिक जीरोमाइल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। जांच में विशेष डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली गई। इसके बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस चोरी की घटना में शामिल लोगों की पहचान करने और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए जांच में जुटी है। घटना के बाद कॉलोनी के लोगों में भी चिंता का माहौल है।

पीड़िता और परिजनों से जानकारी जुटा रही पुलिस

पुलिस पीड़िता निधि झा, पड़ोसियों और परिजनों से घटना से संबंधित जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: