
एसपी आवास के समीप पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर, पति का अस्पताल में इलाज जारी
नवगछिया। नवगछिया एसपी आवास के समीप मंगलवार की सुबह ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में पत्नी पूनम देवी (45) की अनुमंडल अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पति घनश्याम शाह का इलाज जारी है। मृतका रंगरा थाना क्षेत्र के बैसी जहांगीरपुर निवासी घनश्याम शाह की पत्नी थीं।

परिजनों के अनुसार, घनश्याम शाह अपनी पत्नी को चिकित्सक से दिखाने बाइक से भागलपुर जा रहे थे। दोनों सुबह करीब 8 बजे घर से निकले थे। इसी दौरान एसपी आवास के समीप पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान पूनम देवी ने दम तोड़ दिया।
परिवार में पसरा मातम
पूनम देवी के दो बेटे और दो बेटियां हैं। बड़े बेटे निरंजन कुमार और छोटे बेटे धीरज कुमार हैं। बड़ी बेटी मौसम कुमारी की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी बेटी लक्ष्मी कुमारी की शादी की तैयारी चल रही थी। घनश्याम शाह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
हादसे में पूनम देवी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में शादी की तैयारियों के बीच मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।















