
गंगा में गाद जमा होने और फरक्का बराज को बताया कटाव की बड़ी वजह, नवगछिया से बक्सर तक प्रभावित हैं गंगा किनारे के इलाके
नवगछिया। भागलपुर जिले के खरीक प्रखंड अंतर्गत राघोपुर में कटे तटबंध का जायजा लेने मंगलवार को जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, विधायक सह जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा तथा ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल पहुंचे। इस दौरान नेताओं ने कटाव प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से वहां की स्थिति की जानकारी ली।

निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए संजय झा ने कहा कि वे क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में भ्रमण कर फरक्का संधि के मुद्दे पर आम जनता को जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गंगा नदी में बड़े पैमाने पर गाद जमा होने के कारण नदी की गहराई लगातार कम हो रही है। उनके अनुसार, फरक्का बराज के कारण गाद जमा होने की समस्या बढ़ रही है, जिसका खामियाजा गंगा किनारे बसे परिवारों को नदी कटाव के रूप में भुगतना पड़ रहा है।
संजय झा ने कहा कि नवगछिया से लेकर बक्सर तक गंगा नदी के किनारे कई क्षेत्रों में कटाव की समस्या बनी हुई है। इससे तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
राघोपुर में कटे तटबंध का निरीक्षण कर नेताओं ने स्थानीय परिस्थितियों को समझा। इस दौरान गंगा कटाव और उससे प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर भी चर्चा हुई।
















