
नवगछिया। नवगछिया थाना क्षेत्र में बाबा विशु राउत सेतु से आगे लोकमानपुर मोड़ के समीप रविवार की देर रात सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल युवक की पहचान लोकमानपुर निवासी मो. दिलदार, पिता मो. गयास के रूप में हुई है। बताया गया कि किसी अज्ञात वाहन ने उसकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गया।

दुर्घटना में युवक के पेट में लोहे की छड़ घुस गई, जिससे उसका पेट गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया और काफी मात्रा में रक्तस्राव होने लगा। घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक का प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर चिकित्सा के लिए उसे जीएनएमसीएच, पूर्णिया रेफर कर दिया गया। इसके बाद देर रात परिजन उसे लेकर पूर्णिया रवाना हुए।
घटना की जानकारी मिलने पर घायल की मां और बहन भी अस्पताल पहुंचीं। बेटे की गंभीर हालत देखकर दोनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घायल की मां ने बताया कि दिलदार कुछ सामान खरीदने के लिए नवगछिया बाजार आया था। खरीदारी करने के बाद वह मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
बेटे के इलाज को लेकर चिंतित मां ने आर्थिक परेशानी का जिक्र करते हुए कहा कि वे गरीब परिवार से हैं और इतने महंगे इलाज का खर्च उठाना उनके लिए मुश्किल है। अस्पताल में चिकित्सकों ने परिजनों को समझाया और युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए पूर्णिया ले जाने की सलाह दी।















