
भागलपुर: घोघा नदी में जलनिकासी का रास्ता खोलने के लिए बांधों और अन्य अवरोधों को हटाने का अभियान तेज कर दिया गया है। सांसद अजय मंडल की पहल पर रविवार को तीन और बांधों को काटकर हटाया गया। इससे पहले एक अवरोध हटाया जा चुका था। इस तरह अब तक कुल चार अवरोध हटाये जा चुके हैं। इसके बाद आसपास के बहियार में जमा पानी का जलस्तर घटने लगा है।

इस पहल से गोराडीह, प्रशस्तडीह, कोदवार और सालपुर पंचायतों के किसानों में राहत की उम्मीद जगी है। लंबे समय से खेतों में जलजमाव के कारण किसान परेशान थे। पानी की निकासी बाधित होने से खेती-किसानी के काम प्रभावित हो रहे थे।
बताया गया कि शनिवार को बारिश के कारण बांध काटने का काम नहीं हो सका था। मौसम अनुकूल होने पर रविवार को दोबारा अभियान शुरू किया गया और तीन और बांध हटाये गये। हालांकि, नदी में अभी भी दो दर्जन से अधिक अवरोध बाकी हैं। इन्हें हटाने के बाद ही जलनिकासी की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
प्रशस्तडीह पंचायत के मुखिया अतुल पांडे ने बताया कि तीन और बांध काटे जाने के बाद चार पंचायतों के बहियार में पानी का स्तर कम होने लगा है। इससे सैकड़ों किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।
वहीं, सांसद अजय मंडल ने कहा कि किसानों की परेशानी दूर करना उनकी प्राथमिकता है। अन्नदाता किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जायेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि नदी से सभी अवरोध हटाकर जलनिकासी की समस्या दूर करने का प्रयास जारी रहेगा।
फिलहाल चार अवरोध हटने से किसानों को राहत की उम्मीद जगी है। अब उनकी नजर शेष अवरोधों को हटाने और खेतों से पानी की निकासी पूरी तरह शुरू होने पर टिकी है।















