5
(1)

कैडेट्स ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर किया अतिथियों का स्वागत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दिखाई प्रतिभा; वक्ताओं ने अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा के महत्व पर दिया संदेश

नवगछिया। बाल भारती विद्यालय में एनसीसी दिवस उत्साह, उमंग और देशभक्ति के भाव से ओतप्रोत वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासन, समर्पण और संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया। समारोह की शुरुआत एनसीसी कैडेट्स द्वारा विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष अजय कुमार रुंगटा को गार्ड ऑफ ऑनर देकर की गई। कैडेट्स के अनुशासित प्रदर्शन ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों का ध्यान आकर्षित किया।

इसके बाद विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष अजय कुमार रुंगटा, सचिव अभय प्रकाश मुनका, कार्यकारिणी सदस्य अभिषेक रुंगटा, सेवानिवृत्त वाणिज्य कर अधिकारी प्रणव कुमार रुंगटा, विद्यालय के प्राचार्य नवनीत सिंह, प्रशासक डी. पी. सिंह, एनसीसी ऑफिसर विकास पांडेय एवं एनसीसी प्रशिक्षक सुमित्रा पांडेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष एवं सचिव ने केक काटकर एनसीसी दिवस की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव और देशभक्ति का माहौल बना रहा।

विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक निमाई कुमार ने समारोह में उपस्थित अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा से परिचित कराया। अपने संबोधन में विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष अजय कुमार रुंगटा ने कहा कि एनसीसी का उद्देश्य युवाओं में एकता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना है। एनसीसी विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनाने के साथ-साथ उनमें देश के प्रति समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी का भाव भी पैदा करती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को एनसीसी के माध्यम से मिलने वाले संस्कारों और प्रशिक्षण को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।

विद्यालय के सचिव अभय प्रकाश मुनका ने कहा कि एनसीसी बच्चों के मन में देशभक्ति, समर्पण और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध की भावना जागृत करती है। यह विद्यार्थियों को केवल शारीरिक एवं मानसिक रूप से सक्षम बनाने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन, सहयोग और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देती है।

विद्यालय के प्राचार्य नवनीत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता और चुनौतियों का सामना करने का साहस विकसित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ सहशैक्षणिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया, ताकि उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास हो सके।

एनसीसी ऑफिसर विकास पांडेय ने वर्षभर विद्यालय में आयोजित एनसीसी गतिविधियों एवं कैडेट्स की उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने एनसीसी प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को प्राप्त अनुभव, अनुशासन, टीम भावना और विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला।

समारोह के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों में उत्साह और देशभक्ति का भाव देखने को मिला। कार्यक्रम का मंच संचालन कक्षा नौवीं की एनसीसी कैडेट्स आराध्या एवं फिजा ने प्रभावशाली ढंग से किया। दोनों ने कार्यक्रम के विभिन्न चरणों को सुव्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाते हुए समारोह को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रशासक डी. पी. सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि एनसीसी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण की ऐसी पाठशाला है, जो उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, साहस, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से एनसीसी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा अनुशासित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

समारोह का समापन एनसीसी गीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति, उत्साह, अनुशासन और उल्लास के रंग में सराबोर नजर आया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: