
राजगीर में 1 से 3 दिसंबर तक आयोजित होगी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता, पदक जीतने को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह
पूर्णिया। बिहार स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में पूर्णिया जिले के 12 चयनित खिलाड़ी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। राजगीर खेल परिसर में 1 से 3 दिसंबर तक आयोजित होने वाली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पूर्णिया के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा, मेहनत और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता को लेकर पूर्णिया जिला एथलेटिक संघ के पदाधिकारियों, सदस्यों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है।

संघ के प्रशिक्षक असद राजा ने बताया कि वर्ष 2026 की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पूर्णिया के खिलाड़ियों ने 27 पदक जीतकर शानदार उपलब्धि हासिल की थी। इसी प्रदर्शन को देखते हुए इस बार भी खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन और कई पदक जीतने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सभी चयनित खिलाड़ी प्रतियोगिता की तैयारी में पूरी लगन और मेहनत के साथ जुटे हुए हैं।
संघ के अध्यक्ष नीलम कुमार अग्रवाल ने खिलाड़ियों की तैयारी पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि खिलाड़ी अनुशासन, कठिन परिश्रम और नियमित अभ्यास के साथ अपनी प्रतिभा को निखार रहे हैं। उनकी बेहतर तैयारी के लिए आवश्यक खेल उपकरणों की व्यवस्था की गई है। साथ ही, सुबह और शाम होने वाले अभ्यास तथा खेल गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को शारीरिक क्षमता, तकनीक, गति, सहनशक्ति और मानसिक मजबूती के लिए विशेष अभ्यास कराया जा रहा है। बेहतर प्रशिक्षण, खेल सुविधाओं और उचित मार्गदर्शन के बल पर पूर्णिया की खेल प्रतिभाएं राज्य ही नहीं, बल्कि उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में भी अपनी पहचान बनाने में सक्षम हैं।
वहीं, संघ के सचिव एम.एच. रहमान ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए 12 खिलाड़ियों के चयन को पूर्णिया जिले के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने और उनका मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से राजगीर खेल परिसर पहुंचने की इच्छा भी जताई।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले चयनित खिलाड़ी
पूर्णिया जिले की ओर से प्रतियोगिता में दीपक टुडू, तुषार राज, अभिन्न राज, अमन कुमार, अभिषेक कुमार, निक्की कुमारी, गुंजन कुमारी, आरती कुमारी, पूनम कुमारी, यशस्वी मेहरोत्रा, सोनम कुमारी और गुंजन कुमारी भाग लेंगी।
जिले के खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि पूर्णिया के ये प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से जिले का नाम रोशन करेंगे और प्रतियोगिता में अधिक से अधिक पदक जीतकर नई उपलब्धि हासिल करेंगे।















