



नवगछिया जिला के रंगरा थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम NH-31 स्थित टावर चौक के पास एक सनसनीखेज घटना में अपराधियों ने पिंटू कुमार उम्र 21 वर्ष, पिता–जवाहर यादव, निवासी भवानीपुर, रंगरा चौक की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी।

बताया जा रहा है कि पिंटू कुमार अपने खेत में दियारा क्षेत्र में खाद छिड़काव का कार्य करने के बाद पैदल घर लौट रहा था। तभी अपराधी, जो पहले से रेकी कर टावर चौक के पास बैठे थे, ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों ने पिंटू के सिर में चार गोलियां मारीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि मृतक दो भाइयों में बड़ा था और उसकी शादी अभी तक नहीं हुई थी। पिंटू कुमार की एक बड़ी बहन भी है, जबकि छोटा भाई सिंटू कुमार बाहर रहकर कमाई करता है। मृतक के पिता जवाहर यादव दो महीने पहले पड़ोसी चंदेश्वरी यादव के बेटे संजय यादव से भैंस चराने के विवाद के बाद जेल में बंद हैं। इस कारण परिवार में पहले से तनाव और पारिवारिक रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
घटना स्थल से परिजनों ने चार खोखा बरामद कर पुलिस को सुपुर्द कर दिया। सूचना मिलते ही रंगरा थाना और नवगछिया थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और जांच में जुट गई। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज, घटना के भौगोलिक बिंदुओं और संभावित रंजिश के मामलों की छानबीन कर रही है।
घटना के कारण NH-31 जैसे व्यस्त मार्ग पर दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में डर और दहशत का माहौल उत्पन्न हो गया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी का दावा किया है और ग्रामीणों से भी मदद मांगी है।
पुलिस का कहना है कि मामले में परिवारिक विवाद और पहले से चल रही रंजिश की जांच मुख्य बिंदु होगी। इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।















