


आरा (भोजपुर): शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए भरत भूषण तिवारी की मौत के बाद गुरुवार को ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोगों ने शव के साथ आरा–बक्सर फोरलेन को जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
जानकारी के अनुसार, सुबह से ही गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग जुटने लगे। देखते ही देखते करीब एक से डेढ़ हजार ग्रामीण सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने भरत भूषण तिवारी को न्याय दिलाने की मांग करते हुए फोरलेन पर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उनका कहना है कि बिना स्वतंत्र जांच के घटना की वास्तविकता सामने नहीं आ पाएगी।
















