


कैमूर: जिले के बेलांव थाना क्षेत्र के मईडाड़ खुर्द गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए हिंसक संघर्ष में एक महिला समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि आवेदन देने के बावजूद दो दिनों तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। मामला पुलिस अधीक्षक (SP) के संज्ञान में पहुंचने के बाद कार्रवाई तेज हुई है।
जानकारी के अनुसार, गांव में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। करीब आधे घंटे तक चले इस विवाद में चार लोग घायल हुए, जिनमें दो महिलाओं को सिर में गंभीर चोटें आईं। एक महिला का सिर फट जाने के कारण उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद डायल-112 को सूचना दी गई थी, लेकिन मौके पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बाद में परिवार के सदस्य बेलांव थाना पहुंचे और लिखित आवेदन भी दिया, फिर भी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई।
















