


त्योहार की भीड़ के बीच लोगों को आवागमन में भारी परेशानी
नवगछिया : वट सावित्री पर्व को लेकर गुरुवार को नवगछिया बाजार में भारी भीड़ देखने को मिली। एक ओर बाजार की दुकानों में खरीदारी को लेकर महिलाओं की भीड़ उमड़ी रही, वहीं दूसरी ओर ई-रिक्शा एवं टोटो चालकों द्वारा विभिन्न चौक-चौराहों पर अवैध रूप से स्टैंड बना देने के कारण पूरे शहर में दिनभर जाम की स्थिति बनी रही।

बाजार के मुख्य मार्ग, स्टेशन चौक, दुर्गा मंदिर चौक, स्टेशन रोड सहित कई प्रमुख स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। सड़क पर जगह-जगह टोटो और अन्य छोटे वाहन खड़े रहने के कारण लोगों को पैदल चलने में भी काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार के लगभग हर चौक-चौराहे पर टोटो चालकों ने अवैध रूप से सड़क किनारे स्टैंड बना लिया है। सड़क पर मनमाने ढंग से वाहन खड़े कर सवारी बैठाने और उतारने के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। त्योहार की भीड़ बढ़ते ही स्थिति और भी खराब हो गई।
गुरुवार को स्थिति ऐसी रही कि बाजार की कई गलियों में टोटो चालकों ने वाहन घुसाकर रास्ता संकरा कर दिया, जिससे बार-बार जाम लगता रहा। दुर्गा मंदिर चौक पर कई बार भीषण जाम की स्थिति बनी रही, जबकि स्टेशन रोड पर भी दिनभर वाहन रेंगते नजर आए।

लोगों का आरोप है कि चौक-चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे। सड़क पर बड़ी संख्या में ई-रिक्शा खड़े रहने के बावजूद यातायात व्यवस्था को सुचारु करने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
जाम के कारण बाजार आने वाले ग्राहकों, दुकानदारों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने प्रशासन से बाजार क्षेत्र में अवैध स्टैंड हटाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
इस संबंध में नवगछिया थानाध्यक्ष पुनि रविशंकर सिंह ने कहा कि त्योहार के दौरान बाजार में जाम की समस्या को देखते हुए सुबह से शाम तक पुलिस बल की तैनाती की गई है। गश्ती दल लगातार बाजार क्षेत्र में भ्रमण कर रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन बाजार में जाम नहीं लगे, इसके लिए पूरी तरह सजग है। यदि किसी वाहन चालक द्वारा अवैध रूप से सड़क जाम किया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।/















