



नवगछिया । बिहपुर थाना क्षेत्र के सोनवर्षा निवासी बंटी कुमार, पिता अनंत कुंवर ने नवगछिया साइबर थाना में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। आवेदन में बताया गया है कि 3 नवंबर 2025 को रात करीब 9:41 बजे उनके घर के मोबाइल पर वाट्सएप नंबर 7541035026 से अज्ञात व्यक्ति ने कॉल कर अश्लील बातें की और घर की महिलाओं को परेशान किया। कॉल करने वाले ने अपना नाम शिवम कुमार और रिक्की डॉन बताया।


4 नवंबर की रात को वही व्यक्ति पुनः कॉल करके गाली-गलौज और अश्लील संदेश भेजने लगा। इसके बाद से रोजाना उक्त नंबर से सैकड़ों कॉल और मेसेज भेजकर महिलाओं को परेशान किया जा रहा है। 16 नवंबर को आरोपी ने पिस्टल की फोटो भेजकर परिवार को गोली मारने की धमकी दी और घर पर आग लगाने की चेतावनी भी दी।
पीड़ित बंटी कुमार ने बिहपुर थाना में आवेदन दिया, लेकिन पुलिस ने मामले को नवगछिया साइबर थाना भेज दिया। नवगछिया पुलिस ने मामले को बिहपुर थाना क्षेत्र का बताकर वापस भेज दिया। लगातार चक्कर काटने के बाद 19 नवंबर को बंटी कुमार नवगछिया पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। एसपी प्रेरणा कुमार के संज्ञान में आने के बाद 21 नवंबर को नवगछिया साइबर थाना में केस दर्ज किया गया।
21 नवंबर की सुबह फिर उसी नंबर से बंटी के घर की महिलाओं के नाम दीवारों पर सार्वजनिक करने की धमकी भरे संदेश भेजे गए, जिससे परिवार में डर और चिंता बढ़ गई। पीड़ित ने एसपी से परिवार की सुरक्षा और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। नवगछिया साइबर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि आवेदान प्राप्त कर केस दर्ज कर लिया गया है और मोबाइल नंबर 7541035026 का पता कर लिया गया है। जांच के बाद आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

















