


16.62 करोड़ की योजना का मंत्री लेशी सिंह ने किया शिलान्यास
पूर्णिया । बिहार सरकार की भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने धमदाहा में 16 करोड़ 62 लाख 10 हजार रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह परियोजना धमदाहा विधानसभा क्षेत्र के विकास, प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा आम लोगों को बेहतर सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि “मेरे लिए धमदाहा केवल मेरा चुनाव क्षेत्र नहीं, बल्कि मेरी कर्मभूमि है। इस धरती से मेरा रिश्ता सिर्फ जनप्रतिनिधि का नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य जैसा है।”
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल भवन निर्माण करना नहीं, बल्कि आम जनता को बेहतर और सुगम प्रशासनिक व्यवस्था उपलब्ध कराना है। जब सभी विभाग एक ही परिसर में कार्य करेंगे तो लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। इससे समय की बचत होगी और सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक अधिक आसानी से पहुंच सकेगा।
मंत्री ने कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सड़क, पुल, अस्पताल, विद्यालय और प्रशासनिक भवनों के निर्माण के माध्यम से गांव-गांव तक विकास पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि नए भवन में राजस्व, प्रमाण पत्र, भूमि संबंधी कार्य, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, विकास योजनाएं, बिजली विभाग समेत विभिन्न प्रशासनिक सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। इससे सरकारी कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी और आम जनता का विश्वास भी मजबूत होगा।
मंत्री लेशी सिंह ने धमदाहा विधानसभा क्षेत्र की जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के हर गांव, हर पंचायत और हर परिवार तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए वे कृतसंकल्पित हैं।
प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन के शिलान्यास के बाद मंत्री लेशी सिंह ने अनुमंडलीय रेफरल अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ भी किया।

कार्यक्रम में भवन निर्माण विभाग के अधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी धमदाहा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, भाजपा महानगर अध्यक्ष अविनाश सिंह, प्रखंड अध्यक्ष जितेंद्र मुखिया, प्रखंड प्रमुख केंदुला देवी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
















