
सहरसा से महादेवपुर गंगा घाट स्नान करने जा रहे थे सभी यात्री, तीन महिलाओं को गंभीर चोट; नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में हुआ इलाज
नवगछिया। छठ महापर्व से पहले गंगा स्नान करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरा एक टेंपो तेतरी जीरो माइल के समीप अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में टेंपो पर सवार नौ लोग घायल हो गए। सभी घायल सहरसा जिले के बसनही थाना क्षेत्र के बैठ मुसहरी गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, बैठ मुसहरी गांव से नौ लोग एक टेंपो पर सवार होकर जहान्वी चौक स्थित महादेवपुर गंगा घाट पर स्नान करने जा रहे थे। इसी दौरान तेतरी जीरो माइल के समीप अचानक एक बाइक सवार सामने आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार को बचाने के प्रयास में टेंपो चालक ने संतुलन खो दिया, जिससे टेंपो सड़क पर पलट गया। हादसे में टेंपो क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।
तीन महिलाओं को गंभीर चोट, अस्पताल में कराया गया भर्ती
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घायलों में तीन महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं। दो लोगों के सिर में चोट लगी है, जबकि अन्य लोगों के हाथ-पैर सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं।

घायलों में संजोती देवी, पति संजय मंडल; अनीता देवी, पति दौलत मंडल; रेणु देवी, पति मंटू मंडल; हीरा देवी, पति रामधन मंडल; कविता देवी, पति सत्यनारायण मंडल; रंजना देवी, पति रामजीवन मंडल , रूबी देवी अरुण मंडल तथा संजीत कुमार, पिता मिथुन कुमार शामिल हैं। अन्य घायलों का भी अनुमंडल अस्पताल में उपचार किया गया।
जर्जर टेंपो होने की भी चर्चा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टेंपो काफी तेज गति से चल रहा था। अचानक बाइक सवार के सामने आने पर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टेंपो पलट गया। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना था कि दुर्घटनाग्रस्त टेंपो की हालत भी काफी जर्जर थी और वाहन पूरी तरह सही स्थिति में नहीं था।
घटना के बाद अनुमंडल अस्पताल में घायलों के परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। इमरजेंसी में चिकित्सक द्वारा सभी का इलाज किया गया । वहीं घटना के बाद पहुंचे स्थानीय परिजनों द्वारा सभी को घर भेज दिया गया ।















