


12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को पूर्णिया में जिला प्रशासन की ओर से भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम शहर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर छात्रावास परिसर में आयोजित होगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
वरीय उपसमाहर्ता सह जिला खेल पदाधिकारी रविशंकर झा ने बताया कि सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम रविवार सुबह 6 बजे शुरू होगा। कार्यक्रम में आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षित योग विशेषज्ञ प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम और प्राणायाम का अभ्यास कराएंगे। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जरूरी सुझाव भी दिए जाएंगे।
इस विशेष आयोजन में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, आयुष विभाग के पदाधिकारी और चिकित्सक भी शामिल होंगे। इसके अलावा राजकीय अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) कन्या आवासीय प्लस टू उच्च विद्यालय की छात्राएं, डॉ. भीमराव अंबेडकर छात्रावास के छात्र तथा जिले के विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राएं सामूहिक रूप से योगाभ्यास करेंगे।
जिला प्रशासन का कहना है कि योग दिवस का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के माध्यम से योग के महत्व और इसके स्वास्थ्य लाभों का संदेश आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
पूर्णिया में आयोजित होने वाले इस सामूहिक योगाभ्यास को लेकर छात्रों, अधिकारियों और आम लोगों में उत्साह का माहौल है। प्रशासन को उम्मीद है कि बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में भाग लेकर योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लेंगे।













