


पुलिस-पब्लिक संवाद में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के कई सुझाव, एसपी ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक सहयोग का दिया भरोसा
नवगछिया। नवगछिया नगर परिषद क्षेत्र स्थित श्री जगतपति नाथ महादेव मंदिर प्रांगण में शुक्रवार को पुलिस-पब्लिक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नवगछिया पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शहर की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, नशे के बढ़ते प्रभाव, यातायात व्यवस्था, बाजार की सुरक्षा और आगामी शारदीय दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधियों, व्यवसायियों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने अपनी समस्याएं और सुझाव सामने रखे।

बैठक में नगर परिषद प्रतिनिधि प्रेमसागर उर्फ डब्लू यादव ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदु अधिकारियों के समक्ष रखे। उन्होंने कहा कि नवगछिया में अपराध को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करने के लिए पुलिस की सक्रियता के साथ-साथ शहर की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से शहर के चारों प्रमुख प्रवेश मार्गों पर पुलिस पिकेट स्थापित करने का सुझाव दिया।
उन्होंने कहा कि शहर में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों पर पुलिस की नियमित मौजूदगी रहने से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही उन्होंने बाजार क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां निगरानी मजबूत करने तथा नशे के कारोबार पर लगातार कार्रवाई करने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने कहा कि नशे का बढ़ता प्रभाव केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं है, बल्कि इसका सीधा असर युवाओं और समाज पर पड़ता है। इसलिए नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर लगातार कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने आम नागरिकों से भी नशे के खिलाफ पुलिस प्रशासन को सहयोग करने की अपील की।
बैठक में रखे गए इन सुझावों को पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि प्रशासन और नागरिकों के बीच इस तरह का संवाद होना बहुत महत्वपूर्ण है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे अधिकारियों तक पहुंचा सकते हैं, जबकि पुलिस और प्रशासन को भी शहर की वास्तविक स्थिति और लोगों की अपेक्षाओं की जानकारी मिलती है। एसपी ने बैठक में उठाए गए महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करने तथा आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
यातायात व्यवस्था दुरुस्त करना प्राथमिकता

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नवगछिया शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। बाजार क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए ई-रिक्शा, ऑटो और टोटो के लिए एकतरफा परिचालन की व्यवस्था लागू करने की संभावना पर विचार किया जाएगा। इसका उद्देश्य बाजार में लगने वाले जाम को कम करना और लोगों के आवागमन को सुगम बनाना है।
उन्होंने कहा कि आगामी शारदीय दुर्गापूजा को देखते हुए भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है। पूजा के दौरान बाजार एवं प्रमुख मार्गों पर पुलिस की तैनाती और गश्ती बढ़ाई जाएगी।
दो मार्गों को वाहन-मुक्त क्षेत्र बनाने पर विचार
त्योहार के दौरान बाजार में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए सिटी कार्ट मॉल से ब्याहुत चौक तक तथा इंदु मेडिकल से महाराज जी चौक तक वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने वाले क्षेत्र बनाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों का मानना है कि भीड़ के समय ऐसे क्षेत्रों में वाहनों का दबाव कम होने से पैदल आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिल सकती है।
एसपी ने इस व्यवस्था को सफल बनाने के लिए व्यवसायियों और आम नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
सूखे नशे के खिलाफ कार्रवाई जारी
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सायम रजा ने कहा कि नवगछिया में सूखे नशे के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण के लिए समाज के सभी वर्गों का सहयोग आवश्यक है। केवल पुलिस की कार्रवाई से इस समस्या का पूरी तरह समाधान संभव नहीं है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि नशे की बिक्री या इससे जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। पुलिस प्रशासन नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पूरी तरह सजग है।
दुर्गापूजा को लेकर रहेगी विशेष निगरानी
बैठक में आगामी शारदीय दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने पर भी चर्चा हुई। पुलिस प्रशासन द्वारा पूजा स्थलों, बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने की बात कही गई। यातायात को नियंत्रित करने के साथ-साथ बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्ती भी बढ़ाई जाएगी।
बैठक में यातायात पुलिस उपाधीक्षक अनिल कुमार, थानाध्यक्ष निरीक्षक अरविंद कुमार, अंचलाधिकारी संतोष सुमन, पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह, महिला थानाध्यक्ष नीता कुमारी, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति थानाध्यक्ष महेश लाल, नगर परिषद सभापति प्रतिनिधि प्रेमसागर उर्फ डब्लू यादव, पवन सर्राफ, अजय रूंगटा, रामकुमार साहू, पार्षद मुन्ना भगत, मुकेश राणा, दशरथ भगत, मदन भगत, सुभाष चंद्र वर्मा, चंद्रगुप्त साह, अखिलेश पांडेय और प्रवीण भगत ने अपनी-अपनी बातें रखीं।
इस अवसर पर पार्षद नागेश्वर सिंह, अनूप भगत, दीपक भगत, गोपाल तांती, मो. अंसार, मो. शाहजहां, कृष्णनंदन पासवान, सागर सिंह, मो. निहाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और व्यवसायी उपस्थित रहे।
















