


औरंगाबाद जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित एनएच-19 पर शनिवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक शिक्षक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान जम्होर थाना क्षेत्र के जम्होर गांव निवासी नंद किशोर सिंह के 42 वर्षीय पुत्र मदन माथुर के रूप में हुई है। हादसा देव हॉस्पिटल के पास बाईपास सड़क पर हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार मदन माथुर अपनी बाइक की सर्विसिंग कराने औरंगाबाद जा रहे थे। इसी दौरान एनएच-19 पर देव हॉस्पिटल के समीप एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और डायल-112 पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम उन्हें तत्काल सदर अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।
मृत्यु की खबर मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे और शव से लिपटकर रोने लगे। परिजनों ने बताया कि मदन माथुर बारुण प्रखंड के सुंदरगंज हाईस्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। ग्रीष्मावकाश के बाद 22 जून से स्कूल खुलने वाला था। स्कूल शुरू होने से पहले वह अपनी बाइक की सर्विसिंग कराने जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
मृतक अपने पीछे पत्नी सरिता देवी और तीन छोटी बेटियों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान व गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।













