


अररिया : सिकटी थाना क्षेत्र में नेपाल सीमा से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया है। सिकटी थाना पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त कार्रवाई में 21 बोरों में भरा 630 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गए।

गुप्त सूचना पर हुई बड़ी कार्रवाई
जितेंद्र कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि नेपाल से गांजे की बड़ी खेप भारतीय सीमा में लाई जा रही है। सूचना के बाद सिकटी थाना पुलिस और एसएसबी की टीम ने भोलानी गांव के आसपास रणनीतिक घेराबंदी की।
रात के अंधेरे और मकई के ऊंचे खेतों के बीच सुरक्षाबलों ने तस्करों का इंतजार किया। जैसे ही तस्कर भारतीय सीमा में दाखिल हुए, टीम ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया।

21 बोरे छोड़कर भागे तस्कर
कार्रवाई के दौरान मोहम्मद मुस्ताक नामक एक तस्कर को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि उसके अन्य साथी मकई के खेतों में घुसकर फरार हो गए। भागते समय तस्कर 21 बोरे मौके पर छोड़ गए, जिनमें कुल 630 किलोग्राम गांजा भरा हुआ था।
पूछताछ में गिरफ्तार तस्कर ने स्वीकार किया कि यह खेप नेपाल से तस्करी कर लाई जा रही थी और भारतीय बाजार में सप्लाई की जानी थी।

फरार तस्करों की तलाश जारी
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में सिकटी थाना में कांड संख्या 132/26 दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों और पूरे तस्करी सिंडिकेट के मुख्य सरगना की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
नेपाल से सटे अररिया जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी लंबे समय से बड़ी चुनौती रही है।













