5
(2)

पूर्णिया। असम में आई भीषण बाढ़ ने बिहार के दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। रोजगार की तलाश में असम गए पूर्णिया जिले के दो युवा मजदूरों की बाढ़ के पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे, शोक संवेदना व्यक्त की और तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। सांसद ने दोनों परिवारों को अपनी ओर से 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

जानकारी के अनुसार, पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र के कसबा विधानसभा अंतर्गत जलालगढ़ प्रखंड की चक पंचायत स्थित बैसा सिम्मा गांव (वार्ड संख्या-11) निवासी अजय कुमार के 19 वर्षीय छोटे भाई राहुल कुमार तथा बरगांव पोखर (वार्ड संख्या-10) निवासी अंजली देवी के 20 वर्षीय पुत्र आकाश ततमा रोजगार के सिलसिले में असम गए थे। इसी दौरान बाढ़ की चपेट में आने से दोनों की डूबकर मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद सांसद पप्पू यादव ने दोनों मृतकों के परिजनों से उनके घर पहुंचकर मुलाकात की। उन्होंने शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। सांसद ने तत्काल दोनों परिवारों को अपनी ओर से 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।

इस दौरान सांसद पप्पू यादव ने कहा कि रोजगार की तलाश में बिहार के हजारों युवा देश के विभिन्न राज्यों में काम करने जाते हैं। ऐसे में किसी दुर्घटना या प्राकृतिक आपदा में उनकी मृत्यु हो जाने से परिवार पूरी तरह टूट जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे कठिन समय में जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे पीड़ित परिवारों के साथ खड़े रहें और उन्हें हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास करें।

सांसद ने असम सरकार से दोनों मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा सरकारी स्तर पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि असम में बाढ़ के कारण जिन बिहारवासियों की जान गई है, उनकी आधिकारिक सूची मिलने के बाद उन्होंने निर्णय लिया है कि प्रत्येक शोकाकुल परिवार को अपनी ओर से 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसी क्रम में राहुल कुमार और आकाश ततमा के परिवारों को सहायता राशि प्रदान की गई है।

इसी दौरान सांसद पप्पू यादव ने कसबा थाना क्षेत्र के गुरही पंचायत अंतर्गत मटकोपा गांव (वार्ड संख्या-01) पहुंचकर गिरजा देवी के परिवार से भी मुलाकात की। उनके पति स्वर्गीय ज्ञानी ऋषि का कुछ दिन पूर्व सड़क दुर्घटना में निधन हो गया था। जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान परिवार ने अपनी समस्याओं से सांसद को अवगत कराया था। इसके बाद सांसद स्वयं उनके घर पहुंचे और आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए संबंधित विभाग से उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।

सांसद पप्पू यादव ने कहा कि उनकी राजनीति का उद्देश्य केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट में लोगों के साथ खड़ा रहना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सेवा, विकास और न्याय के लिए उनका अभियान लगातार जारी रहेगा तथा हर जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

अंत में सांसद ने दिवंगत राहुल कुमार, आकाश ततमा एवं ज्ञानी ऋषि की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में वे पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग करते रहेंगे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: