


जीएस न्यूज़ नवगछिया
नवगछिया : इस्माईलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसने स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा दिया है। सीएचसी प्रभारी डॉ. राकेश रंजन पर सरकारी सामान को अपने निजी उपयोग में लेने और उसे अपने आवास (बेटी के घर) भेजने का आरोप लगा है। मामले के सामने आने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें प्रभारी पद से हटा दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 मार्च 2026 को दवा आपूर्ति के लिए आए सरकारी वाहन का इस्तेमाल कर अस्पताल की दो अलमारियां डॉ. रंजन के बरारी स्थित निजी आवास पर भिजवा दी गईं। आरोप है कि इस पूरे मामले को छुपाने के लिए 27 मार्च को जल्दबाजी में नई अलमारियां खरीदकर स्वास्थ्य केंद्र में रख दी गईं, ताकि गड़बड़ी उजागर न हो सके।
सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से हो सकती है। इतना ही नहीं, जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि अस्पताल की कुछ कुर्सियां भी डॉ. रंजन के निजी आवास पर पाई गईं।
मामले ने उस वक्त और तूल पकड़ लिया जब महिला कर्मियों ने भी डॉ. रंजन पर अमर्यादित व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए। इन आरोपों और सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग की शिकायत के बाद जिला परिषद अध्यक्ष विपिन कुमार मंडल के निर्देश पर सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने त्वरित कार्रवाई की।
सिविल सर्जन ने डॉ. राकेश रंजन को तत्काल प्रभाव से इस्माईलपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी पद से हटाते हुए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालपुर में चिकित्सा पदाधिकारी के रूप में योगदान देने का निर्देश दिया है। साथ ही, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नवगछिया के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बुचकुन दास को इस्माईलपुर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
स्वास्थ्य विभाग के इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग और अनुशासनहीनता के मामलों में अब सख्ती बरती जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।













