


जीएस न्यूज़
नारायणपुर के भवानीपुर थाना क्षेत्र के नया टोला इलाके में तेज रफ्तार अज्ञात टोटो की चपेट में आने से एक सात वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।
घायल बच्ची की पहचान भवानीपुर नया टोला निवासी बबलू यादव की पुत्री साक्षी कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों द्वारा आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, साक्षी कुमारी घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान तेज गति से आ रहा एक टोटो अचानक उसे टक्कर मारते हुए निकल गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्ची कुछ दूर जाकर गिर पड़ी और गंभीर रूप से चोटिल हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और घायल बच्ची को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, टोटो चालक घटना के बाद वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घटना को लेकर परिजनों में आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन से दोषी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण नहीं होने से इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार टोटो चालक की तलाश की जा रही है।













