


कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन के लिए व्यापक तैयारी, केंद्रों पर बायोमेट्रिक उपस्थिति और वीडियोग्राफी की व्यवस्था
पूर्णिया। आगामी 7 जून को आयोजित होने वाली दो वर्षीय बीएड (B.Ed.) एवं शिक्षा शास्त्री संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 (CET-B.Ed.-2026) को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा को कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को महानंदा सभागार में प्रभारी जिला पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त अंजनि कुमार की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों एवं वरीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि राज्यस्तरीय संयुक्त प्रवेश परीक्षा का आयोजन 7 जून (रविवार) को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक किया जाएगा। परीक्षा के लिए जिला मुख्यालय स्थित कुल 9 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 4578 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें 2988 छात्राएं और 1590 छात्र शामिल हैं।
प्रभारी जिला पदाधिकारी ने कहा कि परीक्षा का आयोजन पूरी तरह स्वच्छ, निष्पक्ष और शैक्षणिक वातावरण में होना चाहिए। उन्होंने सभी केंद्राधीक्षकों और दंडाधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले प्रत्येक परीक्षार्थी की गहन जांच सुनिश्चित की जाए। किसी भी अभ्यर्थी को मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, एटीएम कार्ड, कैलकुलेटर, पेजर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, चार्ट, ग्राफ पेपर अथवा किसी प्रकार के अनधिकृत दस्तावेज के साथ प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम-1981 के तहत कदाचार करते पकड़े जाने पर छह माह तक कारावास अथवा दो हजार रुपये जुर्माना या दोनों दंड का प्रावधान है। ऐसे में किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने तथा आवश्यकता अनुसार वीडियोग्राफी कराने का निर्देश दिया है। बायोमेट्रिक मशीन लगाने वाली एजेंसियों को भी समय पर गुणवत्तापूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस बल एवं वरीय अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी जोनल और सुपर जोनल दंडाधिकारियों को लगातार भ्रमणशील रहकर परीक्षा की निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।
परीक्षा अवधि के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों के 500 गज के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी। साथ ही वीक्षकों को भी परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने परीक्षा से संबंधित शिकायतों और सूचनाओं के लिए जिला नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखा है। समाहरणालय परिसर स्थित नियंत्रण कक्ष परीक्षा अवधि में लगातार कार्यरत रहेगा। नियंत्रण कक्ष के प्रभारी वरीय उप समाहर्ता शीलिमा कुमारी को बनाया गया है।
परीक्षा की संपूर्ण विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी अपर समाहर्ता रवि राकेश और अपर पुलिस अधीक्षक आलोक रंजन को सौंपी गई है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना तत्काल नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराई जाए ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
परीक्षा केंद्रों की सूची
छात्रों के लिए परीक्षा केंद्र
– बीबीएम उच्च विद्यालय, शिवपुरी भट्ठा
– बिजेंद्र पब्लिक स्कूल, मरंगा
– ब्राइट कैरियर स्कूल, शक्तिनगर
छात्राओं के लिए परीक्षा केंद्र
– पूर्णिया महिला महाविद्यालय
– जिला स्कूल, पूर्णिया
– राजकीय कन्या उच्च विद्यालय
– एसएनएसवाई डिग्री कॉलेज, रामबाग
– मिल्लिया पॉलिटेक्निक, रामबाग
– ब्रज मोहन ठाकुर लॉ कॉलेज
बैठक में अपर समाहर्ता राजकुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता रविशंकर उरांव, अनुमंडल पदाधिकारी श्वेतम दीक्षित, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे, जबकि कई प्रखंड एवं अनुमंडल स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों से समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हो सके।
















