



भागलपुर औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना क्षेत्र के बाबूपुर मोड़ के पास मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रही एक हाइवा गाड़ी ने सामने से जा रहे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल यात्री को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल मायागंज अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। ऑटो चालक को भी चोटें आई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाइवा की रफ्तार इतनी अधिक थी कि ऑटो को धक्का मारने के बाद हाइवा खुद भी सड़क किनारे पलट गई। हादसे के तुरंत बाद हाइवा का चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है और मामले की जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह के समय इस मार्ग से भारी वाहन तेज रफ्तार में गुजरते हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से स्पीड कंट्रोल, ट्रैफिक निगरानी और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लग सके।














