



भागलपुर के सजौर थाना क्षेत्र के बधाव रब्बीचक गांव में मंगलवार देर शाम गश्ती के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सजौर थाना की पुलिस गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गड्ढे में पलट गई, जिससे पुलिस टीम के पांच जवान घायल हो गए।

घायलों में एसआई शंकर कुमार यादव, अरविंद कुमार सिंह, मंगल राम, बांका जिले की महिला जवान सोनी कुमारी और खगड़िया के संजीत कुमार सिंह शामिल हैं। दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत शाहकुंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका इलाज किया गया।

चिकित्सकों के अनुसार अरविंद कुमार सिंह और महिला जवान सोनी कुमारी की स्थिति गंभीर है, जबकि अन्य तीन जवानों को हल्की चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सामने से आ रहे एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में पुलिस गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और पलट गई।
सजौर थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि पुलिस टीम वारंटी गिरफ्तारी के लिए निकली थी। गश्ती के दौरान ही यह दुर्घटना हुई। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।














