
करीब 4,000 विद्यार्थियों की हुई जाँच
नवगछिया। विद्यार्थियों के बेहतर स्वास्थ्य और दंत स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को बाल भारती विद्यालय, नवगछिया की दोनों इकाइयों में विशाल निःशुल्क दंत जाँच एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 4,000 विद्यार्थियों के दाँतों की जाँच की गई। साथ ही बच्चों को दाँतों की नियमित देखभाल, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करते हुए निःशुल्क टूथपेस्ट एवं टूथब्रश भी वितरित किए गए।
शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को दंत स्वास्थ्य के महत्व से परिचित कराना, दाँतों की नियमित सफाई की आदत विकसित करना तथा दंत संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान कर उचित चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना था।

इस अवसर पर मुख्य दंत चिकित्सक के रूप में कटिहार के प्रसिद्ध दंत चिकित्सक डॉ. लीलाधर माहेश्वरी अपनी चिकित्सकीय टीम के साथ उपस्थित रहे। उनकी टीम में डॉ. ब्यूटी, डॉ. अविनाश एवं डॉ. विशाल के अलावा नवगछिया के प्रसिद्ध दंत चिकित्सक डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. सौम्या चौधरी एवं डॉ. एम.डी. अजहर अख्तर ने भी अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। चिकित्सकों की टीम ने विद्यार्थियों के दाँतों की जाँच करने के साथ उन्हें दंत स्वच्छता और उचित देखभाल के व्यावहारिक तरीके भी बताए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन समिति के ट्रस्टी सह अध्यक्ष पवन कुमार सर्राफ, उपाध्यक्ष अजय कुमार रुंगटा, सचिव अभय प्रकाश मुनका, लायंस क्लब ऑफ नवगछिया टाउन के अध्यक्ष सह विद्यालय के संयुक्त सचिव प्रवीण केजरीवाल, कार्यकारी सदस्य डॉ. ए.के. केजरीवाल, लायंस के डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन कमलेश अग्रवाल, उपस्थित चिकित्सकों, विद्यालय के प्राचार्य नवनीत सिंह एवं प्रशासक डी.पी. सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के कार्यकारी सदस्य विनोद खंडेलवाल, मोहन लाल चिरानिया, नरेश केडिया, ओम प्रकाश चिरानिया, अभिषेक रुंगटा एवं पंकज टिबड़ेवाल की उपस्थिति रही। वहीं लायंस क्लब के सचिव डॉ. अनंत विक्रम एवं सुभाष चंद्र वर्मा सहित बाल भारती, पोस्ट ऑफिस रोड इकाई के प्राचार्य कौशल किशोर जायसवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षक निखिल चिरानिया ने किया।
अपने संबोधन में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पवन कुमार सर्राफ ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को किताबी शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास के साथ बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना भी है। विद्यार्थियों के स्वस्थ भविष्य के लिए इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बच्चों को अनुशासन के साथ स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी अच्छी आदतें अपनाने की सलाह दी।
विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष अजय कुमार रुंगटा ने कहा कि स्वस्थ दाँत और स्वस्थ शरीर आत्मविश्वास से भरे व्यक्तित्व का आधार हैं। बच्चों को नियमित रूप से दाँतों की जाँच करवानी चाहिए तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति हमेशा सजग रहना चाहिए। बचपन से ही स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित करना आवश्यक है।
बाल भारती विद्यालय के प्राचार्य नवनीत सिंह ने कहा कि इस प्रकार के शिविरों से विद्यार्थियों को न केवल निःशुल्क चिकित्सकीय सुविधा मिलती है, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ और व्यावहारिक मार्गदर्शन भी प्राप्त होता है। उन्होंने शिविर को विद्यार्थियों के हित में एक सराहनीय पहल बताते हुए चिकित्सकों एवं आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

मुख्य दंत चिकित्सक डॉ. लीलाधर माहेश्वरी ने विद्यार्थियों को दाँतों की नियमित सफाई करने, प्रतिदिन दो बार ब्रश करने, अत्यधिक मीठे खाद्य पदार्थों के सेवन से बचने तथा समय-समय पर दंत परीक्षण कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बचपन से ही दाँतों की उचित देखभाल की आदत विकसित करने से भविष्य में होने वाली अनेक दंत समस्याओं से बचा जा सकता है।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से सभी चिकित्सकों एवं अतिथियों का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें स्वस्थ रहने के लिए आवश्यक जानकारी भी दी गई।
इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों, लायंस क्लब के प्रतिनिधियों, चिकित्सकों तथा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। लगभग चार हजार विद्यार्थियों तक स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश पहुँचाने वाला यह आयोजन विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों के साथ विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता का सराहनीय उदाहरण बना।















