


विभाग पर लापरवाही का आरोप
बिहार के बेगूसराय में बिजली पोल शिफ्टिंग के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नगर थाना से करीब 150 मीटर दूर स्वर्ण जयंती पुस्तकालय के सामने सड़क किनारे काम के दौरान अचानक लोहे का बिजली पोल गिर गया। पोल की चपेट में आने से एक बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। संयोग अच्छा रहा कि कोई व्यक्ति उसकी चपेट में नहीं आया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर मौजूद बिजली के तार और पोल को हटाने का काम बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के किया जा रहा था। घटना के समय आसपास काफी भीड़ मौजूद थी और पास की चाय दुकान पर 25 से 50 लोग बैठे रहते हैं।
पूर्व मेयर संजय कुमार ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बिना सुरक्षा मानकों के काम कराया जा रहा था। उन्होंने कहा कि भीड़-भाड़ वाले इलाके में काम के दौरान नीचे लोगों को हटाने के लिए कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
बाइक क्षतिग्रस्त, बाल-बाल बचे दूध विक्रेता
घटना में सीहमा गांव निवासी दूध विक्रेता धीरज कुमार की बाइक पोल के नीचे दबकर क्षतिग्रस्त हो गई। धीरज ने बताया कि वह बाइक से उतर चुके थे और कुछ ही सेकंड बाद पोल गिर गया। उन्होंने कहा कि यदि 10-15 सेकंड की देरी होती तो पोल सीधे उनके ऊपर गिर सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तार काटने का काम ऊपर से किया जा रहा था, लेकिन नीचे सुरक्षा के लिए कोई मौजूद नहीं था। पोल गिरते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई और लोग दुकान के अंदर भाग गए। हादसे के बाद काम कर रहा कर्मचारी मौके से उतरकर चला गया।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में बिजली विभाग सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ही काकाम कराए ताकी भविष्य मे इस तरह की घतनाओ से बचा जा सके |
















