5
(1)


बेतिया/चनपटिया: चनपटिया नगर पंचायत की सशक्त स्थायी समिति की बैठक में सफाई व्यवस्था और कचरा निस्तारण को लेकर जमकर हंगामा हुआ। मुख्य पार्षद रजनी देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सदस्यों ने सफाई एजेंसी के कार्यों पर गंभीर सवाल उठाए और सर्वसम्मति से उसका अनुबंध रद्द करने का निर्णय लिया।

बैठक के दौरान उपमुख्य पार्षद सुनील कुमार सहित अन्य सदस्यों ने वार्ड संख्या-2 स्थित मेला ग्राउंड के चिल्ड्रेन पार्क की प्रस्तावित भूमि से कचरा हटाने के कार्य पर आपत्ति जताई। सदस्यों का कहना था कि संबंधित एजेंसी द्वारा अब तक 35 हजार टन कचरा निस्तारित किए जाने का दावा किया गया है, लेकिन यह आंकड़ा संदेहास्पद प्रतीत होता है।

सदस्यों ने आरोप लगाया कि कचरा निस्तारण के नाम पर बड़े पैमाने पर अनियमितता और फर्जीवाड़ा किया गया है। बैठक में समिति सदस्य पूनम देवी, मुनीब महतो और लालमती देवी ने भी सफाई एजेंसी के चयन प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए।

बैठक में यह भी आरोप लगाया गया कि मुजफ्फरपुर की एक निजी एजेंसी को सफाई कार्य का जिम्मा दिया गया, जबकि उसके खिलाफ कई शिकायतें और न्यायालय में मामले लंबित बताए जा रहे हैं। इन आरोपों को देखते हुए समिति ने एजेंसी का अनुबंध रद्द करने का प्रस्ताव पारित कर दिया।

बैठक में नगर पंचायत की विभिन्न विकास योजनाओं और पूर्व में लिए गए निर्णयों की भी समीक्षा की गई। सदस्यों ने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट मांगी और कार्यों में पारदर्शिता तथा जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

सशक्त स्थायी समिति के इस फैसले के बाद नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था और कचरा निस्तारण को लेकर नई व्यवस्था बनाने की प्रक्रिया तेज होने की संभावना है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: