5
(1)


पटना (दानापुर): राजधानी पटना के दानापुर स्थित देवपुरम कॉलोनी में चोरों ने बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। हैरानी की बात यह है कि वारदात लखनी बिगहा पुलिस चौकी से महज 100 गज की दूरी पर हुई। चोरी सचिवालय के विधि विभाग में कार्यरत अवर सचिव वरुण कुमार पांडेय के घर में हुई है।

पीड़ित ने बताया कि उनके पिता, भाई और भाभी 6 जून को रोहतास जिले के पैतृक गांव गए थे। घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया। शुक्रवार रात पड़ोसियों ने ताला टूटा देख इसकी सूचना दी।

घर पहुंचने पर परिजनों ने देखा कि कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। चोर एलईडी टीवी, सीसीटीवी कैमरा, डीवीआर, गैस सिलेंडर, सोने-चांदी के जेवरात, पीतल के बर्तन समेत कई कीमती सामान चोरी कर ले गए। प्रथम मंजिल के दरवाजे का ताला तोड़कर अलमारी और पलंग को भी क्षतिग्रस्त किया गया।

सूचना मिलने पर डायल-112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान घटनास्थल से छेनी, रॉड और पेचकस बरामद किए गए, जिनका इस्तेमाल चोरी में किए जाने की आशंका है।

प्रभारी थानाध्यक्ष सिंटू कुमार झा ने बताया कि मामले की जांच जारी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अज्ञात चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, पड़ोस के एक घर से सरिया चोरी होने की सूचना भी सामने आई है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: