


@ ऊर्जा एंबुलेंस से मौके पर पहुंचेगा मिस्त्री-इंजीनियर, भागलपुर में स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर की भी उठी मांग।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। भागलपुर के विकास की रफ्तार को बिजली व्यवस्था की मजबूती से जोड़ते हुए मंगलवार को होटल चिन्मय सभागार में ‘विकसित भागलपुर : संकल्प सह संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सबसे ज्यादा जोर इस बात पर रहा कि शहर और आसपास के इलाकों में बिजली की आपूर्ति केवल पर्याप्त ही नहीं, बल्कि सुरक्षित, निर्बाध और संकट की स्थिति में त्वरित रूप से बहाल करने योग्य हो।

ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने कहा कि बिहार में बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में सरकार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि विद्युत लाइनों को अधिक सुरक्षित और मजबूत बनाने के लिए कवर्ड तार योजना पर काम किया जा रहा है, जिसकी अनुमानित लागत करीब 25 हजार करोड़ रुपये है।
शिकायत से समाधान तक बदलेगा सिस्टम
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि विद्युत विभाग का कॉल सेंटर काम कर रहा है और बिजली संबंधी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही भविष्य में ‘ऊर्जा एंबुलेंस’ शुरू करने की योजना है। इसमें मिस्त्री, इंजीनियर और जरूरी विद्युत सामग्री उपलब्ध रहेगी, ताकि शिकायत मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंचकर समस्या का जल्द समाधान कर सके। यानी बिजली व्यवस्था में सिर्फ शिकायत दर्ज करने की व्यवस्था नहीं, बल्कि शिकायत के साथ समाधान को मौके तक पहुंचाने की तैयारी पर भी जोर दिया गया।
भागलपुर में लोड डिस्पैच सेंटर की मांग:
विधायक शुभानंद मुकेश ने भागलपुर में स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर स्थापित किए जाने की आवश्यकता उठाई। उन्होंने कहा कि जुलूस, मूर्ति विसर्जन और अन्य बड़े आयोजनों के दौरान विद्युत आपूर्ति को व्यवस्थित रखने में ऐसा सेंटर महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने जमशेदपुर का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां इस तरह की व्यवस्था शहर की विद्युत प्रणाली के संचालन में उपयोगी साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य के स्मार्ट भागलपुर की जरूरतों को देखते हुए विद्युत प्रबंधन की ऐसी आधुनिक व्यवस्था पर अभी से काम किया जाना चाहिए।
विकास की बुनियाद में भरोसेमंद बिजली:
विधायक ललित नारायण मंडल ने कहा कि भागलपुर के समग्र विकास के लिए मजबूत और भरोसेमंद विद्युत व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने क्षेत्र की विकास संबंधी जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर जोर दिया। जदयू जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष शाह ने बिजली सहित बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने को भागलपुर के विकास की गति से जोड़ा। लोजपा जिलाध्यक्ष सुबोध पासवान ने आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को विकसित भागलपुर की दिशा में जरूरी कदम बताया। रालोमा जिलाध्यक्ष सुमन प्रसून ने विकास के लिए समन्वय और जनभागीदारी की आवश्यकता जताई।
जनप्रतिनिधियों और संगठनों ने रखे सुझाव
कार्यक्रम में विधायक रोहित पांडे, मुरारी पासवान, पूर्व सांसद सुबोध राय सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों, व्यवसायिक संस्थाओं और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। नागरिक विकास समिति के अध्यक्ष रमन कर्ण ने मंच संचालन किया। संस्था के सचिव सतनारायण प्रसाद, प्रो. एजाज अली रोज, नीरज जायसवाल, मो. जियाउर रहमान, समन्वय समिति से प्रकाश चंद्र गुप्ता और कमल जायसवाल, चेंबर एवं बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन से गोविंद अग्रवाल, साक्षम फाउंडेशन से संगीता तिवारी, विषहरि पूजा केंद्रीय समिति के अध्यक्ष भोला मंडल, दुर्गा पूजा महासमिति के अध्यक्ष अभय घोष, अशोक जीवराजका, सोनू, करण सेना के नंदकिशोर पंडित, बिहार बंगाली समिति के तरुण घोष, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के डॉ. अजय सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में शबाना दाऊद, सुड्डू साई, अशोक कुमार आलोक, शेखर पांडे, नितेश सिंह, शैलेन्द्र तोमर, योगेश पांडे, रोशन सिंह, सुमन सौरभ, सचिन पासवान, संगीता तिवारी, पीयूष पासवान, अंशु प्रिया, धनंजय मंडल, प्रदीप कुशवाहा, चन्द्रशेखर मिश्र, सीपु मंडल, यास्मीन परवीन, सकलदेव मंडल, अनुज सिंह, मेराजुद्दीन, संजय सिन्हा, विजय मंडल, शाहबाज आलम मुन्ना, रवि शंकर सिंह, किशोर कुमार, सदानंद कुमार, ललन कुशवाहा, बृजेश सिंह, संतोष पटेल समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में भागलपुर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों ने सुझाव दिए। संवाद का मूल उद्देश्य भागलपुर के विकास के लिए संकल्प को कार्ययोजना में बदलना और जनता की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देना रहा।
















