



भागलपुर । खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और जिला प्रशासन भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में जिले में एक और राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। वार्षिक खेल कार्यक्रम 2025 के तहत इस वर्ष भागलपुर को तीन राज्य स्तरीय खेलों का दायित्व सौंपा गया था। इन्हीं में से एक राज्य स्तरीय बैडमिंटन बालक अंडर-14, 17 और 19 प्रतियोगिता 7 दिसंबर से 10 दिसंबर तक आयोजित की जाएगी।
प्रतियोगिता सैंडिस कंपाउंड स्थित इनडोर बैडमिंटन हॉल में प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगी। इस राज्यस्तरीय अंतर-प्रमंडल प्रतियोगिता में प्रत्येक प्रमंडल से चार-चार खिलाड़ियों की तीन आयु वर्गों में टीमें शामिल होंगी। कुल 12 खिलाड़ी और तीन टीम प्रभारी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
प्रतियोगिता से पहले प्रमंडल स्तरीय मुकाबले आयोजित किए गए थे, जिनमें जिले एवं प्रमंडल स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन किया गया है। ये चयनित खिलाड़ी ही राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। सभी खिलाड़ियों और टीम प्रभारियों को खेल विभाग द्वारा आने-जाने का मार्ग व्यय, निशुल्क भोजन तथा आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को सहभागिता प्रमाण पत्र दिया जाएगा, जबकि पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र दोनों प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना द्वारा 16 तकनीकी पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जा रही है।
इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रत्येक आयु वर्ग के सर्वश्रेष्ठ पाँच खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा तैयारियाँ प्रारंभ कर दी गई हैं।
प्रतियोगिता के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और चिकित्सा सुविधा भी सुनिश्चित की जाएगी। मैच नॉकआउट पद्धति से खेले जाएंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले भी भागलपुर में राज्य स्तरीय तीरंदाजी, क्रिकेट, ओपन चयन सॉफ्ट टेनिस और बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया जा चुका है। यह जानकारी जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार ने दी।















