



भागलपुर जिले में 13 दिसंबर 2025 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत भागलपुर, नवगछिया और कहलगाँव के सभी न्यायालयों में लोक अदालत लगाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। जिला जज धर्मेंद्र कुमार सिंह और परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश राज कुमार राजपूत ने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से मामलों की लंबित संख्या में उल्लेखनीय कमी आ रही है।

जिला जज धर्मेंद्र कुमार सिंह ने जानकारी दी कि यह वर्ष 2025 की चौथी और अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत होगी। इसमें 30 हजार मामलों के निबटारे का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। तीनों कोर्ट परिसरों में न्याय प्रदान करने हेतु कुल 30 बेंचों का गठन किया गया है, जहाँ विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों की सुनवाई की जाएगी।

भागलपुर कोर्ट में परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश राज कुमार राजपूत ने बताया कि इस बार की लोक अदालत में ट्रैफिक चालान और ट्रैफिक से संबंधित मामलों का निष्पादन विशेष रूप से किया जाएगा। ऐसे सभी मामलों का निबटारा केवल भागलपुर कोर्ट परिसर स्थित लोक अदालत में किया जाना तय है। उन्होंने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं।














