


कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के क्षेत्रीय कार्यालय, भागलपुर के तत्वावधान में शनिवार को टाउन हॉल में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योजना के लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई तथा चयनित कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के लाभार्थियों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण टाउन हॉल में उपस्थित लोगों को दिखाया गया। उन्होंने रोजगार सृजन, कौशल विकास और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के अंतर्गत नियोक्ताओं और कर्मचारियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से प्रोत्साहन राशि हस्तांतरित की गई। साथ ही कई चयनित कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रोहित पांडे ने कहा कि केंद्र सरकार की यह योजना युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उद्योगों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। वहीं मेयर डॉ. वसुंधरा लाल ने कहा कि ऐसी योजनाएं युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में सहायक साबित होंगी।
ईपीएफओ के क्षेत्रीय आयुक्त ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इसका उद्देश्य नए रोजगार सृजित करना तथा औपचारिक रोजगार को बढ़ावा देना है। उन्होंने अधिक से अधिक नियोक्ताओं और कर्मचारियों से योजना का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में कर्मचारियों और लाभार्थियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान रोजगार सृजन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
















