


‘12 साल बेमिसाल’, पर्यावरण दिवस और योग दिवस को लेकर कार्ययोजना तैयार
नवगछिया। भारतीय जनता पार्टी, जिला नवगछिया की संगठनात्मक बैठक शुक्रवार को जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों के साथ-साथ विश्व पर्यावरण दिवस और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर तक व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे।
बैठक में आगामी 10 जून को जिला भाजपा की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। प्रेस वार्ता के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों, संगठन के कार्यक्रमों और आगामी अभियानों की जानकारी साझा की जाएगी।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिलेभर में वृक्षारोपण अभियान चलाने तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योग शिविरों का आयोजन कर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी। नेताओं ने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 12 वर्षों का कार्यकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक पहुंचकर सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाएं।
बैठक में पूर्व जिला महामंत्री मनोज कुमार पांडेय, जिला मंत्री बासुकी मंडल, जिला प्रवक्ता कौशल जायसवाल, नगर अध्यक्ष दीपक भगत, मंडल अध्यक्ष रंजीत झा, मुकेश मंडल, विक्रम सिंह, अभिषेक गुप्ता, रंजीत गुप्ता, रूप कुमार झा सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
बैठक के दौरान संगठन को और मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने को लेकर भी रणनीति तैयार की गई।















