


नवगछिया नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति में पुराने चेहरों पर फिर भरोसा
नवगछिया नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय सभागार में चुनाव शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया गया। मतदान में नगर परिषद के सभी 26 पार्षदों ने भाग लिया। मतगणना के बाद पूर्व से समिति में शामिल तीनों सदस्य एक बार फिर निर्वाचित घोषित किए गए।
चुनाव परिणाम में वार्ड संख्या 24 के पार्षद रंजीत भगत उर्फ मुन्ना भगत ने शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी सुषमा देवी को 10 मतों के अंतर से पराजित किया। रंजीत भगत को कुल 18 मत प्राप्त हुए, जबकि सुषमा देवी को 8 मत मिले।
वहीं दूसरे सदस्य पद के लिए हुए चुनाव में नागेश्वर सिंह ने 16 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी अभिनंदन को 9 मत प्राप्त हुए। तीसरे सदस्य पद पर ज्ञान सागर ने भी 16 मत प्राप्त कर विजय हासिल की। उनके मुकाबले रवि मंडल को 9 मत मिले।
जिलाधिकारी के निर्देश पर नवगछिया अनुमंडल पदाधिकारी रोहित कर्दम ने निर्वाची पदाधिकारी के रूप में पूरी चुनाव प्रक्रिया का संचालन किया। मतदान और मतगणना की प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई गई।
परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और जीत का जश्न मनाया।
गौरतलब है कि नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति नगर प्रशासन के कई महत्वपूर्ण निर्णयों में अहम भूमिका निभाती है। इसी कारण समिति के गठन को लेकर पार्षदों के बीच काफी उत्साह और राजनीतिक सक्रियता देखने को मिली। एक बार फिर पुराने सदस्यों के निर्वाचित होने से नगर परिषद की आगामी कार्यशैली को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
















