


नवगछिया। बिहार को “बुलडोजर राज” की प्रयोगशाला बनाए जाने के खिलाफ व्यापक जनप्रतिरोध खड़ा करने, एकजुट रहने तथा न्याय और अधिकार की लड़ाई तेज करने के नारों के साथ भाकपा (माले) भागलपुर जिला का 9वां जिला सम्मेलन 26-27 अप्रैल 2026 को कदवा स्थित गंगानगर में आयोजित किया जा रहा है। दो दिवसीय यह सम्मेलन कॉमरेड बमबम मंडल मंच एवं कॉमरेड अर्जुन प्रसाद यादव सभागार, शहीद कॉमरेड महेश्वर भगत, उदय भगत नगर में प्रारंभ हुआ।

सम्मेलन की शुरुआत वरिष्ठ साथी कॉमरेड संथाल जी उर्फ फागू मंडल द्वारा पार्टी का झंडा फहराकर की गई। इसके उपरांत शहीद साथियों एवं हाल ही में दिवंगत पार्टी कार्यकर्ताओं—भरोसा सिंह टोला कदवा के पूर्व ब्रांच सचिव कॉमरेड नरेश शाह, खैरपुर ब्रांच के सदस्य कॉमरेड बमबम मंडल, कॉमरेड पूरन मंडल के पुत्र जयकरण मंडल तथा पार्टी समर्थक श्रीलाल मंडल को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान शहीद वेदी पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर सभी ने उन्हें नमन किया।
सम्मेलन की अध्यक्षता कॉमरेड विंदेश्वरी मंडल, कॉमरेड गौरीशंकर राय एवं कॉमरेड रणधीर यादव संयुक्त रूप से कर रहे हैं। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए पार्टी राज्य कमिटी सदस्य एवं चुनाव पर्यवेक्षक कॉमरेड विजय कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में देश और विश्व गंभीर संकट के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय हालात का जिक्र करते हुए युद्ध और अस्थिरता पर चिंता जताई तथा शांति, संप्रभुता और जनता के अधिकारों के पक्ष में पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई।
उन्होंने कहा कि देश के भीतर भी हालात चिंताजनक हैं और केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आर्थिक अस्थिरता एवं ऊर्जा संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही है। बिहार की राजनीतिक परिस्थिति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा-जदयू गठबंधन लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर “बुलडोजर राज” स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाकपा (माले) गरीबों, भूमिहीनों, आवास, सम्मानजनक रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और अधिकारों के सवालों पर संघर्ष को तेज करेगी।
प्रखंड सचिव गौरीशंकर राय ने बताया कि सम्मेलन का प्रतिनिधि सत्र जारी है, जिसमें विदाई जिला कमिटी द्वारा प्रस्तुत कार्य-प्रतिवेदन पर प्रतिनिधियों के बीच विस्तार से चर्चा हो रही है।

सम्मेलन में जिला सचिव महेश प्रसाद यादव, जिला कमिटी सदस्य विंदेश्वरी मंडल, गौरीशंकर राय, विष्णु कुमार मंडल, पुरुषोत्तम दास, संथालजी मंडल, रणधीर यादव, रेणु देवी, सिकंदर तांती, आशा देवी, मनोरमा देवी, सुशील कुमार भारती, निरंजन भारती, आशुतोष कुमार सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित हैं। इसके अतिरिक्त खरीक प्रखंड सचिव सत्यनारायण यादव, नवगछिया प्रखंड कमिटी के सदस्य राधेश्याम रजक, जयप्रकाश शर्मा, राजेंद्र पंडित, अमीर राम, मंटू शर्मा, वकील मंडल, गुरुदेव सिंह, राजकिशोर यादव, रवींद्र मिश्र, अशोक मंडल, नीतू कुमारी, शेखा देवी, सीता देवी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग ले रहे हैं।
सम्मेलन में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने तथा जनआंदोलन को व्यापक स्वरूप देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
















