


‘
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। भारतीय लोकतंत्र की मजबूती और संवैधानिक मूल्यों पर केंद्रित आगामी पुस्तक ‘भारत में संपूर्ण लोकतंत्र की स्थापना’ के विमोचन समारोह को लेकर तैयारियां तेज़ हो गई हैं। इसी क्रम में पुस्तक के लेखक पीरपैंती के पूर्व विधायक सह इस पुस्तक के लेखक इंजीनियर ललन कुमार ने आज बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार से उनके आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार भेंट कर उन्हें समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सादर आमंत्रित किया।
भेंट के दौरान इंजीनियर ललन कुमार ने माननीय अध्यक्ष को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर डॉ. प्रेम कुमार ने पुस्तक की प्रस्तावना एवं विषय-वस्तु का गंभीरतापूर्वक अध्ययन किया और इसकी वैचारिक अवधारणा की सराहना करते हुए कहा कि लोकतंत्र पर गंभीर और रचनात्मक विमर्श समय की आवश्यकता है।
अध्यक्ष ने लेखक के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए विश्वास दिलाया कि वे पुस्तक विमोचन समारोह में अतिथि के रूप में उपस्थित होने का भरसक प्रयास करेंगे। उन्होंने इस पहल को लोकतांत्रिक मूल्यों और जनभागीदारी को सशक्त बनाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास बताया।
लेखक इंजीनियर ललन कुमार ने कहा कि डॉ. प्रेम कुमार के प्रेरणादायी शब्दों और मार्गदर्शन से उन्हें पुस्तक के माध्यम से भारतीय लोकतंत्र पर व्यापक जनचर्चा को आगे बढ़ाने की नई ऊर्जा और आत्मविश्वास मिला है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पुस्तक लोकतांत्रिक सुधार, संवैधानिक चेतना और जनसरोकारों पर सार्थक संवाद को नई दिशा प्रदान करेगी।
















