


नवगछिया : पुलिस जिला नवगछिया के भवानीपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले के शीघ्र उद्भेदन के लिए विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच वैज्ञानिक साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर हर पहलू से की जा रही है।

बताते चलें कि 13 जुलाई 2026 को भवानीपुर थाना क्षेत्र के गनोल गांव में एक व्यक्ति का शव बांस की झाड़ी में लटका होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और पूरे इलाके को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू की।
घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ ही फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया। टीम ने वैज्ञानिक तरीके से घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के परिजनों के फर्दबयान के आधार पर भवानीपुर थाना कांड संख्या 173/26 दर्ज कर संबंधित धाराओं के तहत अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, नवगछिया ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा अनुसंधान से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही मामले के शीघ्र एवं सफल उद्भेदन के लिए विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
पुलिस के अनुसार गठित एसआईटी तकनीकी एवं मानवीय आसूचना के साथ-साथ उपलब्ध वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ।
















