



भागलपुर : बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मुख्य सभागार में उद्योग विभाग द्वारा स्टार्टअप बिहार योजना के अंतर्गत “आज बनेगा कल का बिहार” स्लोगन के साथ “भेजिए अपना आइडिया, बिहार आइडिया फेस्टिवल” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के युवाओं को नवाचार और आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. दुनिया राम सिंह, जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, उपविकास आयुक्त श्री प्रदीप कुमार सिंह और विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ. अनिल कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि यहां के हर व्यक्ति, हर युवा, हर वर्ग के पास कोई न कोई विचार जरूर होता है। बिहार के लोग अत्यंत प्रतिभाशाली हैं और जब संसाधन न हों, तब भी जुगाड़ से समाधान निकाल लेते हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे एक सादा कॉपी जब कुछ लिखी जाती है तो उसका महत्व बदल जाता है, वैसे ही विचार भी दिशा बदल सकते हैं।

उन्होंने कहा कि अब जरूरत है कि बिहार के युवा अपने विचारों को न केवल साझा करें, बल्कि उन्हें जमीन पर भी उतारें। इससे राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और लोग अपने ही राज्य में आत्मनिर्भर बन सकेंगे। उन्होंने कहा कि हमें अपने टैलेंट को अब स्वयं के लिए इस्तेमाल करने की आवश्यकता है।
उपविकास आयुक्त श्री प्रदीप कुमार सिंह ने युवाओं को देश की ऊर्जा बताया। उन्होंने कहा कि अगर युवाओं को गति दी जाए तो वे वायु के वेग की तरह समाज की दिशा बदल सकते हैं। युवाओं में अपने सपनों को साकार करने की जिद और समाज में परिवर्तन लाने की कल्पना होती है।
उन्होंने कहा कि भागलपुर और बिहार की स्थानीय समस्याओं का समाधान यहां के युवा स्वयं करें और यहीं रहकर यहां की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाएं। उन्होंने यह भी बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं से विचार आमंत्रित किए जाएंगे। सर्वश्रेष्ठ विचारों को न केवल पुरस्कृत किया जाएगा, बल्कि उन्हें साकार करने के लिए आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।

कार्यक्रम में कुलपति डॉ. दुनिया राम सिंह और निदेशक डॉ. अनिल कुमार सिंह ने भी प्रेरणादायक संबोधन दिया। कार्यक्रम का आयोजन भागलपुर की महाप्रबंधक, उद्योग विभाग सुश्री खुशबू कुमारी द्वारा किया गया, जबकि सहायक निदेशक श्री प्रशांत कुमार मुख्यालय से आकर आयोजन में सहयोग कर रहे थे।
यह कार्यक्रम युवाओं के विचारों को सशक्त मंच देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है, जिससे न केवल भागलपुर बल्कि पूरा बिहार एक नए युग की ओर अग्रसर होगा।














