


नगर मध्य मंडल की कार्यशाला में विधायक विजय खेमका ने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क कर सेवा यात्रा का संदेश पहुंचाने का किया आह्वान
पूर्णिया। भारतीय जनता पार्टी नगर मध्य मंडल की बैठक प्रभात कॉलोनी स्थित हनुमानबाग के विमल आवासीय विद्या मंदिर में मंडल अध्यक्ष मनोज सिंह के नेतृत्व में आयोजित हुई। इसमें सदर विधायक विजय खेमका के साथ मंडल पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य तथा विभिन्न मंच-मोर्चा के कार्यकर्ता शामिल हुए।

बैठक में संगठन को बूथ स्तर पर और मजबूत करने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों पर चर्चा की गई। विधायक विजय खेमका ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ता घर-घर जाकर लाभार्थियों से संवाद करेंगे और प्रधानमंत्री की सेवा यात्रा का संदेश लोगों तक पहुंचाएंगे। 17 सितंबर की शाम सात बजे देशभर में 25 करोड़ तथा बिहार में ढाई करोड़ दीप एक साथ बूथों और प्रमुख स्थानों पर प्रज्वलित किए जाएंगे।
विधायक ने कहा कि यह कार्यक्रम ‘जिसने जीवन संवारा, उसको आशीर्वाद हमारा; जिसने जीवन समर्पित किया, उसका सम्मान हमारा’ की भावना के साथ आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाने का आह्वान किया।

बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष प्रफुल रंजन वर्मा, भाजपा नेता संजय मिश्रा, अनुपमा झा, राजेश गोस्वामी, संजय यादव, महामंत्री मनोरंजन कुमार, श्रवण मंडल, गजेंद्र साह, अवंतिका चौधरी, उषा दास, रीना दुबे, उमेश दास, अजित सिंह, सुनील सहनी, बंटी मेहता, डब्लू पांडे, काली कुमार साह, साकेत कुमार, शुभम गुप्ता, ओम प्रकाश पोद्दार सहित कार्यसमिति सदस्य एवं मंच-मोर्चा के पदाधिकारी मौजूद रहे।















