


नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत छोटी परवत्ता पंचायत के जयमंगल टोला गांव में मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान योगेंद्र मंडल के पुत्र संदीप कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
परिजनों के अनुसार 25 मई की रात गांव के समीप जहान्वी चौक पर कुछ युवकों के बीच विवाद और मारपीट हो रही थी। बताया जा रहा है कि स्वर्गीय भूमि मंडल के पुत्र संगम कुमार तथा प्रमोद मंडल के पुत्र गौतम कुमार और अंकित कुमार के बीच पैसों के लेन-देन और कथित शराब कारोबार को लेकर कहासुनी चल रही थी। इसी दौरान संदीप कुमार वहां पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच विवाद शांत कराने का प्रयास करने लगे।
आरोप है कि तभी प्रमोद मंडल ने अपने पुत्रों गौतम कुमार, अंकित कुमार और आशीष कुमार को संदीप कुमार पर हमला करने के लिए उकसाया। इसके बाद सभी ने मिलकर लाठी-डंडों से संदीप कुमार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मारपीट के दौरान उनके सिर पर गंभीर चोट लगी और वह मौके पर ही गिर पड़े।
घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल संदीप कुमार को नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी ले गए, जहां गुरुवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बाद में शव को नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
मृतक के छोटे भाई गौरव कुमार ने आरोप लगाया कि आरोपी परिवार लंबे समय से अवैध शराब कारोबार और अन्य गलत गतिविधियों में शामिल है। उनका कहना है कि संगम कुमार भी इन्हीं लोगों से शराब खरीदता था और पैसों के विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था। संदीप कुमार केवल बीच-बचाव करने गए थे, लेकिन उन्हें ही निशाना बनाकर बेरहमी से पीटा गया।
परिजनों का यह भी आरोप है कि संदीप कुमार गांव में नशा और अवैध शराब कारोबार का विरोध करते थे, जिससे आरोपी उनसे रंजिश रखते थे। घटना के बाद सभी आरोपी घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।
इधर पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण हुई है। पोस्टमार्टम कराया गया है तथा परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संदीप कुमार पांच भाइयों में चौथे स्थान पर थे। वह अपने पीछे पत्नी सबिता देवी और मासूम बेटी नैन्सी कुमारी को छोड़ गए हैं। घर पर शव पहुंचते ही पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मासूम बेटी अपने पिता को याद कर बिलखती रही, जिसे देखकर गांव के लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
घटना के बाद ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने नवगछिया पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा क्षेत्र में चल रहे अवैध नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
















