


युवक ने हथियार लोड कर किया फायर, एसपी बोले- पहचान कर कार्रवाई शुरू
नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत इस्माइलपुर थाना क्षेत्र से एक युवक का देसी कट्टे के साथ फायरिंग करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि जीएस न्यूज़ नहीं करता हैं । वहीं नवगछिया पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो फेसबुक पर “नीरज गोस्वामी” नामक आईडी से साझा किया गया है। वीडियो में एक युवक खुलेआम देसी कट्टा लहराते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि युवक पहले कट्टे में कारतूस लोड करता है और फिर फायरिंग करता है।
वायरल वीडियो के बैकग्राउंड में एक फिल्मी डायलॉग भी सुनाई दे रहा है, जिसमें कहा जा रहा है, “हमारा घोड़ा दौड़ता नहीं, चलता है।” सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है, जिसके बाद स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों और स्थानीय लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया पर खुलेआम हथियार का प्रदर्शन और फायरिंग करना कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। लोगों ने ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि युवाओं में गलत संदेश न जाए।
इधर मामले को लेकर नवगछिया एसपी वैभव शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है। वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान कर ली गई है तथा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वीडियो कब और कहां बनाया गया था। साथ ही युवक के पास हथियार कहां से आया और फायरिंग वास्तविक थी या केवल सोशल मीडिया पर दबदबा बनाने के उद्देश्य से वीडियो तैयार किया गया था, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि जीएस न्यूज़ नहीं करता हैं ।
















